पेट्रोलियम मंत्रालय ने सार्वजनिक तेल विपणन कंपनियों द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले E20 पेट्रोल के गुणवत्ता मानकों की पुष्टि की


दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने और आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए देहरादून अग्निशमन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं।
देहरादून: दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने और आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए देहरादून अग्निशमन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। पटाखों और सजावटी लाइटों के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए विभाग ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अभिनव त्यागी ने बताया कि विभाग ने जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर शहर के करीब 41 संवेदनशील स्थानों पर पानी के टैंकर तैनात किए हैं। इसके अलावा पलटन बाजार समेत शहर के अन्य व्यस्त बाजारों में फायर टेंडरों को दिन में तीन बार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में दमकल वाहनों की आवाजाही के लिए रास्तों को सुगम बनाए रखना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना है।
सीएफओ ने व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानें इस तरह लगाएं, जिससे दमकल वाहनों को आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने दुकानदारों को विद्युत ओवरलोडिंग से बचने और बिजली के उपकरणों का सुरक्षित इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है।
अग्निशमन विभाग की ओर से दुकानदारों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही उस पर काबू पाया जा सके। विभाग का प्रयास है कि दीपावली का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो तथा किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
बाइट: अभिनव त्यागी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, देहरादून
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







