सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

उत्तरी दिल्ली के महापौर ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को दिलाई ‘‘स्वच्छता’’ की शपथ

Journalist Today Network2 मिनट में पढ़ें

उत्तरी दिल्ली के महापौर, श्री राजा इकबाल सिंह ने आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सिविक सेंटर मुख्यालय में ‘‘स्वच्छता’’ की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्थायी समिति के अध्यक्ष, श्री जोगी राम जैन, नेता सदन, श्री छैल बिहारी गोस्वामी, अति. आयुक्त, श्री संदीप जैक्स, श्री आशीष मोरे, प्रमुख अभियंता, श्री के.पी. सिंह व सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगणों ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर शपथ ली।

कर्मचारियों ने स्वच्छता हेतु योगदान देने व अन्य लोगों को भी यह शपथ दिलवाने की दिशा में संकल्प लिया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों में न तो स्वयं कूड़ा फैलाने व अन्य किसी को न फैलाने देंगे की भी शपथ ली। इसके साथ ही कर्मचारियों ने एकल प्रयोग प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए भी संकल्प लिया।

महापौर, श्री राजा इकबाल सिंह ने बताया कि आज उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में भी हर कर्मचारी को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया है। शहर को स्वच्छ रखने में योगदान के लिए हमने अपने सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि शहर को साफ व स्वच्छ रखने के लिए हमारे सफाई कर्मचारी व अन्य कर्मचारी दिन-रात कार्य करते है ताकि जब सुबह नागरिक अपने घरो से निकले तो उन्हें शहर साफ व स्वच्छ नज़र आए।

महापौर, श्री राजा इकबाल सिंह ने कहा कि जिस प्रकार उत्तरी दिल्ली नगर निगम सीमित संसाधनों में नागरिकों को सेवाएं दे रही है, शहर को स्वच्छ रखने के लिए कार्य कर रही है और एकल प्रयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चला रही है वो एक बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जिनका सपना है एकल प्रयोग प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल हो उसके लिए उत्तरी दिल्ली नगर निगम लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम विभिन्न माध्यमों से एकल प्रयोग प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है ताकि नागरिकों को एकल प्रयोग प्लास्टिक के पर्यावरण पर बुरे असर के बारे में जागरूक किया जा सके।

विषय

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें