सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने ऑनलाइन डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर

Journalist Today Network1 मिनट में पढ़ें

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने विभिन्न सेवाओं के ऑनलाइन डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ निगम मुख्यालय में एक समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से अतिरिक्त निदेशक (आईटी), श्री हिमांशु गुप्ता द्वारा समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से सेवाओं के ऑनलाइन डिजिटल भुगतान में पारदर्शिता आएगी और नागरिकों को सुविधा होगी।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त, श्री संजय गोयल ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को सबसे आसान तरीके से सुविधा प्रदान करने के लिए यह एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि इस पहल से डिजिटल माध्यम द्वारा भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और नागरिक कहीं से भी निगम सेवाओं का भुगतान कर सकेंगे।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की ई-पे सेवा एक एग्रीगेटर सेवा है जो नागरिकों को निगम करों / शुल्कों का ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा प्रदान करेगी।

आयुक्त, श्री संजय गोयल ने बताया कि नागरिक भारतीय स्टेट बैंक ई-पे गेटवे के माध्यम से निगम की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं जैसे की जन्म व मृत्यु पंजीकरण, संपत्ति कर, ई-म्यूटेशन, हेल्थ ट्रेड़, न्यू जनरल ट्रेड, फैक्ट्री लाइसेंस, पार्क व सामुदायिक भवनों की बुकिंग, तहबाजारी का नवीनीकरण व अन्य सेवाओं का भुगतान कर सकते हैं।

आयुक्त, श्री संजय गोयल ने बताया कि यह 'डिजिटल इंडिया कार्यक्रम' की दिशा में उत्तरी दिल्ली के नागरिकों को डिजिटल माध्यम से निगम सेवाएं प्रदान करने की ओर एक कदम है।

विषय

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें