सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

त्रिपुरा के युवक पर नस्लीय टिप्पणी का मामला: यूट्यूबर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ीं, परिवार ने भी छोड़ा साथ; भाई बोले—'सख्त कार्रवाई हो'

Journalist Today Network2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली: त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ नस्लीय और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में फंसे दिल्ली के कंटेंट क्रिएटर आमिर शौकीन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। वीडियो वायरल होने और चौतरफा निंदा के बाद अब आरोपी के परिवार ने भी उससे पूरी तरह किनारा कर लिया है। शौकीन के भाई मोहम्मद वसीम रजा ने उसके कृत्यों की कड़ी भर्त्सना करते हुए पुलिस प्रशासन से उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

'12-15 साल पहले ही तोड़ चुके हैं रिश्ते'
आमिर शौकीन के भाई मोहम्मद वसीम रजा ने स्पष्ट किया कि परिवार का उससे पिछले एक दशक से अधिक समय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, "आमिर शौकीन रिश्ते में मेरा छोटा भाई लगता है, लेकिन उसकी आपराधिक हरकतों और गुंडागर्दी के चलते हमने करीब 12 से 15 साल पहले ही उससे सारे रिश्ते खत्म कर लिए थे। हम कुल चार भाई हैं और बाकी परिवार उससे अलग रहता है।"
जबरन वसूली और अवैध कब्जे का आरोप
वसीम रजा ने आमिर शौकीन के आपराधिक इतिहास का हवाला देते हुए बताया कि इलाके में उसकी छवि एक गुंडे और बदमाश की है। उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। रजा के अनुसार, शौकीन लोगों से जबरन वसूली और संपत्तियों पर अवैध कब्जे जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शौकीन ने खुद उनकी निजी संपत्ति पर भी अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
पूर्वोत्तर के युवक पर की गई नस्लीय टिप्पणी की निंदा करते हुए वसीम रजा ने कहा कि जो कुछ भी वीडियो में कहा और किया गया, वह पूरी तरह निंदनीय और अस्वीकार्य है। परिवार ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपील की है कि समाज में नफरत फैलाने और कानून तोड़ने के लिए आरोपी आमिर शौकीन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें