पीएम मोदी ने छठ महापर्व की देशवासियों को दी शुभकामनाएं


देशभर में, विशेषकर बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में छठ पूजा का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन आज श्रद्धालु पारंपरिक खरना अनुष्ठान कर रहे हैं।
इस अवसर पर व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और अन्न-जल ग्रहण नहीं करते। शाम को सूर्य देव और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद व्रत का पारण किया जाता है। खरना के प्रसाद के रूप में पारंपरिक रूप से गुड़ की खीर और गेहूं की रोटी तैयार की जाती है। सबसे पहले यह प्रसाद देवी-देवताओं को अर्पित किया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के सदस्यों के बीच इसका वितरण किया जाता है।
खरना का विशेष धार्मिक महत्व है, क्योंकि इसी के साथ 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत की शुरुआत होती है। शाम को पूजा-अर्चना और खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती इस कठोर उपवास का संकल्प लेते हैं। यह व्रत छठ पर्व के समापन तक जारी रहता है। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत कल पारंपरिक नहाय-खाय अनुष्ठान के साथ हुई थी।
कल पर्व के तीसरे दिन व्रती नदी घाटों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे एकत्र होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली