सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

पंजाब में पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की वजह से दिल्ली वालों को सांस लेने में दिक्कत-आदेश गुप्ता

Journalist Today Network2 मिनट में पढ़ें

आम आदमी पार्टी प्रदूषण को लेकर बोल रही हैं झूठ-आदेश गुप्ता

केजरीवाल पराली का बहाना सिर्फ आप की सरकार पंजाब में ना बनने तक ही करते रहे-आदेश गुप्ता

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार लगातार जनता से झूठ बोल रही है। पंजाब में लगातार पराली जलाई जा रही है। इसकी वजह से दिल्ली दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में एक बार फिर से नंबर एक पर पहुंच गई है, लेकिन अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी इसको नजरअंदाज कर अपनी पीठ थपथपाने में लगी हुई है।

श्री आदेश गुप्ता ने कहा कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 24 अक्टूबर को पंजाब में 1000 से ज्य़ादा स्थानों पर पराली जलाई गई है। इससे निकला धूंआ धीरे-धीरे दिल्ली का दम घोंट रहा है। दिल्ली का प्रदूषण सूचकांक (PM2.5) भी दिन में 12 बजे 500 के लगभग था। दिल्ली में इस वजह से सांस लेने में परेशानी आ रही है, खांसी-जुकाम की शिकायतें हर घर में पाई जा रही है। ऐसे में किस आधार पर दिल्ली के मुख्यमंत्री प्रदूषण कम करने के लिए अपनी पीठ थपथपा रहे हैं,यह बेहद ही हास्यास्पद है।

श्री गुप्ता ने कहा कि दुनियाभर में प्रदूषण के मामले में भी दिल्ली नंबर एक पर चल रही है। दिल्ली लगातार पिछले कुछ सालों से प्रदूषण के मामले में दुनिया में नंबर एक पर आ रही है, जिसकी मुख्य वजह यानी पराली को दिल्ली के मुख्यमंत्री रोक पाने में नाकाम हो रहे हैं। पहले ये कहा करते थे कि वो पंजाब में आप सरकार में आते ही पराली जलाने पर रोक लगा देंगे, लेकिन अब वहां आम आदमी पार्टी की सरकार है, लेकिन वहां लगातार पराली जलाई जा रही है। आज दिल्ली की हवाएं जहरीली होने के साथ-साथ बीमारियों को आमंत्रण दे रही है, लेकिन केजरीवाल राजनीतिक पर्यटन में व्यस्त हैं।

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें