सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

पश्चिमी जिला कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

Journalist Today Network2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली, अमरजीत सिंह। भारतीय संविधान के निर्माण में अतुलनीय योगदान देने वाले संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के सम्मान में पश्चिमी जिला कार्यालय में संविधान दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष चंद्रपाल बक्शी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में जिला सह-प्रभारी आदित्य झा ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा, सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का आधार है। संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करना हम सभी नागरिकों का कर्तव्य है। बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को समानता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री चंद्रपाल बक्शी सहित उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा संविधान की गरिमा एवं मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री श्वेता सैनी, सरदार चरणजीत सिंह लवली, संदीप जैन, जिला उपाध्यक्ष मुकुल अग्रवाल, कुनाल साहनी,आनंद त्यागी, निगम पार्षद एवं वेस्ट जोन एमसीडी चेयरमैन हरिश ओबराय , निगम पार्षद बहन शशि तलवार, सुमन त्यागी, शिल्पा कौर बिट्टू, सुनील चड्डा,कर्नल ओबराय, पूर्व मेयर नरेंद्र कुमार चावला तथा जिला मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह अमर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा संविधान के मूल सिद्धांतों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का जीवन और उनके विचार सदैव देशवासियों को समानता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें