सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने छठ घाट और सिंगलपुर रोड चौड़ीकरण कार्य जनता को किया समर्पित

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

एक साल में मुनक नहर की बदली तस्वीर, पूर्वांचलवासियों को मिला भव्य छठ घाट: रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली में पूर्वांचलवासियों की धार्मिक आस्था और छठ महापर्व की परंपरा को सम्मान देते हुए मुनक नहर पर भव्य छठ घाट का निर्माण कराया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि महज एक साल के भीतर मुनक नहर का स्वरूप बदलकर इसे छठ पूजा के लिए भव्य स्थल के रूप में विकसित किया गया है।

आज आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुनक नहर पर बने भव्य छठ घाट और सिंगलपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य को दिल्ली की जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री, विधायक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर को पिछली सरकारों ने वर्षों तक गंदगी और कचरे के डंपिंग ग्राउंड के रूप में छोड़ दिया था। वर्तमान सरकार ने संकल्प लिया कि जहां कभी गंदगी का अंबार हुआ करता था, वहां छठी मैया के जयकारे गूंजेंगे। इसी संकल्प के तहत दिन-रात मेहनत कर नहर के आसपास विकास कार्य कराए गए और आज इसका बदला हुआ स्वरूप जनता के सामने है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल नहर के कायाकल्प तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल की आस्था, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान का प्रतीक है। छठ घाट का निर्माण दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलवासियों को अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने इसे जनता के विश्वास की जीत और प्रधानमंत्री के मंत्र ‘विकास भी, विरासत भी’ का जीवंत उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसदगण, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

मुनक नहर पर विकसित इस छठ घाट और सड़क चौड़ीकरण परियोजना को दिल्ली में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ पूर्वांचली समाज की सांस्कृतिक एवं धार्मिक भावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें