दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को मंजूरी, सिंगर ने ली चुटकी!


अकाली दल प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी पर किया पलटवार
पांच साल में केवल 15 बार लोकसभा में बोले गांधी
बताए किसानों के कितने मुद्दों पर उठाए सवाल
लालडू। पटियाला लोकसभा हलके से शिरोमणि अकाली दल प्रत्याशी एन.के.शर्मा ने आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद तथा वर्तमान में कांग्रेस प्रत्याशी धर्मवीर गांधी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जो व्यक्ति लोकसभा से ज्यादातर समय गैरहाजिर रहा हो उसे किए गए कार्यों के आधार पर वोट मांगने का कोई अधिकार नहीं है।
एन.के.शर्मा आज चुनाव प्रचार अभियान के दौरान अंटाला, नगला, राणीमाजरा, तसिंबली, अंबछपा, बिजनपुर, समगौली आदि गांवों में जनसभाओं केा संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गत दिवस गांधी ने किए गए कार्यों के आधार पर वोट डालने की अपील की है लेकिन लोकसभा का रिकार्ड बताता है कि गांधी की वहां पर हाजिरी ही 55 प्रतिशत है। गांधी पांच साल सांसद रहे और केवल 15 सवाल लोकसभा में उठाए।
एन.के.शर्मा ने कहा कि गांधी सार्वजनिक मंच पर आकर बताएं कि उन्होंने पांच साल के कार्यकाल के दौरान लोकसभा में किसानों, कर्मचारियों, व्यपारियों से संबंधित क्या-क्या मुद्दे उठाए हैं। शर्मा ने कहा कि लोकसभा के सत्र काफी लंबे चलते हैं लेकिन गांधी उनमें शामिल नहीं हुए। पटियाला की जनता उन्हें लोकसभा में भेजा और वह वहां पर गए ही नहीं। शर्मा ने कहा कि काम के आधार पर वोट मांगने से पहले बेहतर होता अगर गांधी आत्मचिंतन करके अपने खुद के लोकसभा सांसद के कार्यकाल की कार्यशैली को देखते।
एन.के.शर्मा ने जनसभाओं के दौरान कहा कि लालडू के इस सीमावर्ती इलाके का विकास स्वर्गीय कैप्टन कंवलजीत सिंह की देन है। उन्होंने यहां पुल लगवाए और सडक़ें बनवाई। अकाली दल के बाद सत्ता में आई कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने कोई विकास परियोजना नहीं बनाई। पिछले सात सालों से यहां का विकास रूका हुआ है। कांग्रेस सरकार में दीपेंद्र सिंह ढिल्लों व अब आप सरकार में हल्का विधायक केवल लूट के सिवाए कोई काम नहीं किया।
शर्मा ने इलाके के लोगों से किरदार, काम और वफादारी को देखकर वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि वह उन्हें एक बार लोकसभा में भेजें, जिस तरह से अकाली दल की सरकार में यहां विकास कार्य हुए थे वैसे ही केंद्र की योजनाओं का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर यूथअकाली नेता मनजीत सिंह मलिकपुर,अजैब सिंह, , परमिंदर सरपंच जौला, रणदीप सिंह नगला, ओपी शर्मा, बृजेश राणा, गुरविंदर सिंह गिंदू, तरनबीर सिंह टिम्मी पूनिया समेत कई गणमान्य मौजूद थे।