सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
राष्ट्रीय

Kulgam Encounter: CRPF जवानों पर हमला करने वाला लश्कर कमांडर लतीफ भट मुठभेड़ में ढेर, सुरक्षाबलों ने लिया हमले का बदला

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ (CRPF) की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष स्थानीय कमांडर लतीफ भट (Lateef Bhat) को मार गिराया है। लतीफ भट हाल ही में कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे। इस ऑपरेशन की शुरुआत सोमवार को कुलगाम के लारू (Laroo) इलाके में हुई थी। खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी की, जिसके बाद हुई मुठभेड़ में आतंकी उमर निसार डार (Umar Nisar Dar) मारा गया था। उमर निसार ने न केवल लतीफ भट को पिछले कई महीनों से पनाह और रसद मुहैया कराई थी, बल्कि 11 नवंबर को अखरान इलाके में CRPF चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी करने में भी उसकी मदद की थी। सोमवार की मुठभेड़ के दौरान लतीफ भट घायल होने के बावजूद सुरक्षाबलों की घेराबंदी तोड़कर भाग निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने ड्रोन, स्निफर डॉग्स और अतिरिक्त बलों की मदद से आसपास के दर्जनों गांवों में व्यापक तलाशी अभियान (Search Operation) छेड़ दिया। बुधवार तड़के सुरक्षाबलों का एक बार फिर छिपे हुए आतंकी लतीफ भट से संपर्क हुआ, जिसके बाद हुई भीषण गोलीबारी में उसे ढेर कर दिया गया अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट कश्मीर घाटी में सक्रिय सबसे वांछित और बचे हुए प्रमुख स्थानीय आतंकवादियों में से एक था। वह सुरक्षाबलों पर हमलों के अलावा आम नागरिकों और गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाने की कई वारदातों में शामिल था। उसकी मौत को घाटी में लश्कर-ए-तैयबा और उसके मुखौटा संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) के नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। फिलहाल इलाके में सुरक्षाबलों का सघन तलाशी अभियान (Sanitisation Operation) जारी है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

राष्ट्रीय की और ख़बरें

सभी देखें