कैंसर की पुरानी दवाओं पर भी लागू होंगी नई कम कीमतें, NPPA का ऐतिहासिक फैसला; पैकेट पर ज़्यादा MRP छपी होने पर भी नहीं वसूले जा सकेंगे अतिरिक्त पैसे

राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने कैंसर मरीजों को बड़ी राहत देते हुए ऐतिहासिक आदेश जारी किया है। 137 कैंसर दवाओं की कीमतें घटने के बाद अब पहले से बाजार में मौजूद पुराने स्टॉक की दवाएं भी संशोधित कम कीमत पर ही बेची जाएंगी, भले ही पैकेट पर पुरानी और अधिक MRP अंकित हो। अधिक पैसे वसूलने पर सख्त कार्रवाई होगी।कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के इलाज का खर्च कम करने के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने एक बेहद जनहितैषी और ऐतिहासिक आदेश जारी किया है। 137 एंटी-कैंसर दवाओं के ट्रेड मार्जिन को 30% तक सीमित कर उनकी कीमतें घटाने के बाद, अब नियामक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बाजार में पहले से मौजूद पुराने स्टॉक की महंगी दवाएं भी अब नई और घटी हुई कीमत पर ही बेची जाएंगी। अक्सर दवाओं के दाम घटने पर दुकानदार या अस्पताल यह बहाना बनाते थे कि उनके पास पुराना स्टॉक है और पैकेट पर पुरानी MRP छपी है। लेकिन अब NPPA के इस सख्त निर्देश के बाद कोई भी मरीज से एक रुपया भी ज़्यादा नहीं वसूल पाएगा। 9 नवंबर 2026 से लागू हुई नई कीमतों से पहले जो दवाएं बाजार में आ चुकी हैं, उन्हें भी संशोधित कम कीमत (Revised MRP) पर ही बेचना अनिवार्य होगा। प्राधिकरण ने साफ किया है कि पुराने स्टॉक को वापस मंगाने या उन पर नए स्टिकर लगाने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन दवा निर्माताओं, स्टॉकिस्टों, खुदरा विक्रेताओं और अस्पतालों को यह सुनिश्चित करना होगा कि मरीज से केवल नई कम कीमत ही ली जाए। यदि कोई भी मेडिकल स्टोर, डीलर या अस्पताल पैकेट पर छपी पुरानी MRP का हवाला देकर अधिक कीमत वसूलता है, तो उसके खिलाफ औषधि (मूल्य नियंत्रण) आदेश 2013 (DPCO 2013) के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।137 कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) लागू होने से कई दवाओं के दाम 50% से 96% तक कम हुए हैं, जिससे देश के लाखों मरीजों को सालाना करीब ₹3,540 करोड़ से अधिक की बचत होगी। मरीज और तीमारदार 'फार्मा सही दाम' (Pharma Sahi Daam) मोबाइल ऐप या NPPA की आधिकारिक वेबसाइट पर दवाओं की नई संशोधित कीमतें देख सकते हैं। यह फैसला उन लाखों परिवारों के लिए संजीवनी साबित होगा जो महंगे इलाज के बोझ तले दबे हुए थे।
संपादक, आज की दिल्ली




