धनतेरस पर सोना खरीदें या रुकें? समझिए कीमतों में आई 20% गिरावट और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड का पूरा गणित


चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। बद्रीनाथ धाम से ऋषिकेश के लिए रवाना हुआ एक निजी एविएशन कंपनी (ट्रांस कंपनी) का हेलीकॉप्टर खराब मौसम की चपेट में आने के कारण जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद हादसे में हेलीकॉप्टर पर सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (30 अक्टूबर) को हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर उड़ान भर रहा था। उड़ान के कुछ ही देर बाद बद्रीनाथ और जोशीमठ के बीच अचानक हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया और उसकी लोकेशन रडार से गायब हो गई।
क्षेत्र में दृश्यता बेहद कम और मौसम खराब होने के चलते चॉपर अनियंत्रित होकर चांई और थैंग गांव के ऊपरी पहाड़ी इलाके में जा गिरा।
हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि घटना की प्रारंभिक सूचना भारतीय सेना (आर्मी) की ओर से प्रशासन को दी गई थी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को तुरंत रवाना किया गया। सेना और स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से लोकेशन ट्रेस करने के बाद दुर्घटनास्थल की पुष्टि की गई, जहां मलबे के साथ सवार सभी 6 लोगों के हताहत होने की पुष्टि हुई।
दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण प्रशासन और बचाव दल को मौके पर पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासनिक टीम मौके पर राहत-बचाव कार्य और शवों को निकालने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए जा रहे हैं।
संपादक, आज की दिल्ली