सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

दिल्ली जल बोर्ड की 5 बेशकीमती संपत्तियों का होगा कमर्शियल रीडिवेलपमेंट, 73 हजार करोड़ के घाटे की भरपाई की तैयारी

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली। आर्थिक संकट और लगातार बढ़ते घाटे से जूझ रहे दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने अपनी पांच प्रमुख संपत्तियों के कमर्शियल रीडिवेलपमेंट की योजना तैयार की है। बोर्ड का उद्देश्य इन संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल कर राजस्व बढ़ाना और आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली जल बोर्ड पर 73,000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा और देनदारियों का बोझ है।

इन पांच जगहों की संपत्तियों का होगा कायाकल्प

दिल्ली जल बोर्ड ने शुरुआती चरण में जिन पांच संपत्तियों को रीडिवेलपमेंट के लिए चिह्नित किया है, उनमें शामिल हैं:

  1. झंडेवालान: दिल्ली जल बोर्ड का मुख्यालय वरुणालय।

  2. हैदरपुर: वरुण निकेतन स्थित स्टाफ क्वॉर्टर।

  3. आराम बाग: सिंगल स्टोरी स्टाफ क्वॉर्टर।

  4. रिठाला: वरुण कुंज स्थित स्टाफ क्वॉर्टर।

  5. लाजपत नगर: जल विहार स्थित स्टाफ क्वॉर्टर।

ट्रांजेक्शन एडवाइजर करेगा पूरी संपत्तियों की जांच

जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इस प्रस्ताव को अगस्त में मंजूरी दी जा चुकी है। अब इन पांचों संपत्तियों का आकलन करने के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया जाएगा। एडवाइजर संपत्तियों और इमारतों का सत्यापन करने के साथ फिजिकल सर्वे और जीआईएस मैपिंग भी करेगा।

इसके बाद प्रत्येक संपत्ति के लिए उपयुक्त रीडिवेलपमेंट मॉडल सुझाया जाएगा। साथ ही यह भी आकलन किया जाएगा कि कमर्शियल इस्तेमाल से जल बोर्ड की आय में कितनी वृद्धि हो सकती है।

आराम बाग में बन सकती है हाईराइज बिल्डिंग

योजना के तहत पहाड़गंज के नजदीक आराम बाग स्थित सिंगल स्टोरी स्टाफ क्वॉर्टर्स को हाईराइज बिल्डिंग में विकसित करने की संभावना है। इससे अधिक कर्मचारियों को आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा, जबकि बची हुई जमीन का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसी तरह हैदरपुर, रिठाला और लाजपत नगर की संपत्तियों को भी नए सिरे से विकसित करने की योजना है।

AAP ने सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

इस प्रस्ताव को लेकर आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ग्रेटर कैलाश, लाजपत नगर और झंडेवालान जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में दिल्ली जल बोर्ड की बेशकीमती जमीनों को बेचने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने जल बोर्ड की बिलिंग योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार समय सीमा बढ़ाने के बावजूद योजना अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई है।

वहीं, सरकार की ओर से सामने आए जवाब में स्पष्ट किया गया है कि जल बोर्ड मुख्यालय को बेचा नहीं जाएगा, बल्कि उसका रीडिवेलपमेंट किया जाएगा।

अब एडवाइजर की रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

दिल्ली जल बोर्ड की इस योजना का अगला महत्वपूर्ण चरण ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति और संपत्तियों का मूल्यांकन है। इसके बाद ही यह तय होगा कि किन संपत्तियों को किस मॉडल पर विकसित किया जाएगा और उनसे कितनी अतिरिक्त आय प्राप्त हो सकेगी।

अब देखना होगा कि यह योजना दिल्ली जल बोर्ड की आर्थिक स्थिति सुधारने में कितनी कारगर साबित होती है और इसके साथ कर्मचारियों के आवास तथा सार्वजनिक संपत्तियों के हितों को किस तरह सुरक्षित रखा जाता है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें