विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जापान यात्रा से पहले सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और जापान के स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का साझा विजन है, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है।
भारत और जापान के बीच रक्षा संबंधों तथा रणनीतिक सहयोग की समीक्षा की जाएगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर आज चौथी भारत-जापान टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में शामिल होने के लिए तोक्यो पहुंचे। दोनों मंत्री कल जापान के रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ विदेश और रक्षा मंत्रियों की टू प्लस टू वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।
श्री राजनाथ सिंह ने जापान यात्रा से पहले सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और जापान के स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का साझा विजन है, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि वे रक्षा और सुरक्षा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।
श्री सिंह की पोस्ट पर जापान के रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी ने कहा कि वे समुद्री सुरक्षा सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने को उत्सुक हैं। दोनों नेताओं की इस वर्ष यह तीसरी मुलाकात होगी। इससे पहले उनकी मुलाकात अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में फिलीपींस के सेबू में आयोजित आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई थी।
आज दोनों नेताओं ने योकोसुका के फुनाकोशी क्षेत्र का दौरा किया और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के मोगामी श्रेणी के बहुउद्देशीय स्टील्थ युद्धपोत जेएस नातोरी का निरीक्षण किया। इस बीच, विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने तोक्यो में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री और जापान-भारत संघ के अध्यक्ष फुमियो किशिदा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रणनीतिक समानता और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर इस यात्रा के दौरान तीसरे रायसीना तोक्यो संवाद में भी भाग लेंगे।
कल संपन्न हुए नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को वीडियो संदेश में डॉ. जयशंकर ने कहा कि स्वतंत्र, खुले और नियमों पर आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत और जापान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की रणनीतिक सोच एक समान है और वे एशिया के प्रमुख लोकतांत्रिक तथा समुद्री देश हैं।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि भारत की उद्यमशीलता, व्यापक क्षमता और प्रतिभा का लाभ जापान की विनिर्माण विशेषज्ञता और उन्नत प्रौद्योगिकी को मिलता है। उन्होंने जापान को भारत का एक महत्वपूर्ण प्रत्यक्ष विदेशी निवेश भागीदार भी बताया।
यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस के मनीला की दो दिवसीय यात्रा संपन्न होने के एक दिन बाद हो रही है। प्रधानमंत्री ने वहां क्वाड शिखर सम्मेलन सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय बैठकों में भाग लिया था। इस सम्मेलन में उनके साथ जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और अमरीका तथा ऑस्ट्रेलिया के नेता भी शामिल हुए थे।
भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता का पिछला दौर 20 अगस्त, 2024 को नई दिल्ली में आयोजित हुआ था।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







