यूपी चुनाव 2027 से पहले बड़ा सियासी दांव: ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी ने बनाया 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा', मुरादाबाद मंडल में बदलेगा पूरा खेल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद (आजाद समाज पार्टी) ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' गठबंधन का ऐलान कर सियासी पारा बढ़ा दिया है। चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के बाद पश्चिमी यूपी और खासकर दलित-मुस्लिम बाहुल्य मुरादाबाद मंडल में सपा (PDA) और बसपा के वोटबैंक में बड़ी सेंधमारी की चर्चा तेज हो गई है उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर बड़ा राजनीतिक धमाका कर दिया है। लखनऊ में दोनों नेताओं ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के गठन का औपचारिक ऐलान किया है, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। इस नए दलित-मुस्लिम गठबंधन का सबसे सीधा और गहरा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विशेषकर मुरादाबाद मंडल (मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा और बिजनौर) की सियासत पर पड़ने के आसार हैं। ओवैसी और चंद्रशेखर ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने और 26 नवंबर को बड़ी रैली से शक्ति प्रदर्शन करने की घोषणा की है। मुरादाबाद मंडल की लगभग सभी विधानसभा सीटों पर मुस्लिम और दलित मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। नगीना से सांसद होने के कारण चंद्रशेखर आजाद की इस बेल्ट के दलित युवाओं में मजबूत पकड़ है, जबकि ओवैसी की पार्टी AIMIM पहले भी यहां के निकाय और विधानसभा चुनावों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। समाजवादी पार्टी जिस 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के दम पर 2027 की सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है, उसे यह मोर्चा सीधा नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (BSP) के कोर दलित वोटबैंक में भी चंद्रशेखर की सेंधमारी मायावती की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
संपादक, आज की दिल्ली




