सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण भागीदार है: विदेश मंत्री

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें
वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण भागीदार है: विदेश मंत्री

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन के साथ 5वीं भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता की।

डॉ. जयशंकर ने बैठक के उद्घाटन भाषण में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने कहा कि हरित रणनीतिक साझेदारी ने द्विपक्षीय संबंधों को एक विशिष्ट स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग डेनमार्क की क्षमताओं और भारत के विकास तथा विस्तार को एक साथ लाता है।

डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों देश जल, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और हरित जहाजरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग ने भी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत किया है।

विदेश मंत्री ने भारत में डेनिश कंपनियों के योगदान का स्वागत किया और दोनों देशों में उनकी व्यावसायिक उपस्थिति और गतिविधियों के विस्तार का आह्वान किया।

डॉ. जयशंकर ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को संपन्न कराने और भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी को मजबूत करने में डेनमार्क के सहयोग की सराहना की।

बैठक के दौरान, दोनों विदेश मंत्रियों ने भारत-डेनमार्क हरित रणनीतिक साझेदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा की।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग के अगले चरण के मार्गदर्शन के लिए वर्ष 2027-31 की संयुक्त कार्य योजना को अपनाया। दोनों विदेश मंत्री कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग पर नवीनीकृत समझौता ज्ञापन के आदान-प्रदान के समय भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण और डेनिश वित्तीय पर्यवेक्षी प्राधिकरण के बीच भी एक समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में और अधिक सहयोग की संभावनाओं पर सहमति व्यक्त की।

विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूहों के अंतर्गत हुई प्रगति की भी समीक्षा की और नवीकरणीय ऊर्जा, स्वच्छ प्रौद्योगिकियों, जल प्रबंधन, समुद्री मामलों, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, अनुसंधान और नवाचार तथा गतिशीलता के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि डेनमार्क ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पुनर्गठन के बाद भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अपने समर्थन को दोहराया है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

और ख़बरें