सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
राष्ट्रीय

सोनीपत में 20 नवंबर को होनी थी शादी, दुल्हन के परिवार ने लगाए दहेज मांगने और अभद्रता के आरोप; दिल्ली पुलिस ने शुरू की विभागीय जांच

योगराज शर्मा3 मिनट में पढ़ें

नई दिल्ली/सोनीपत। दहेज प्रथा के खिलाफ कानून और जागरूकता अभियानों के बावजूद समाज में दहेज की मांग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हरियाणा के सोनीपत से सामने आया है, जहां कथित तौर पर मनपसंद कार नहीं मिलने पर एक दिल्ली पुलिस कांस्टेबल ने शादी करने से इनकार कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी कांस्टेबल की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस के बाहरी-उत्तर जिले में तैनात था। पुलिस के अनुसार, यह घटना 20 नवंबर 2026 को सोनीपत स्थित मैमचंद वाटिका में हुई, जहां शादी समारोह आयोजित किया जाना था।

हुंडई ऑरा की जगह मांगी मारुति ब्रेजा

दुल्हन के पिता सुभाष कुमार की शिकायत के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच करीब छह महीने पहले शादी तय हुई थी। शादी के लिए परिवार ने दूल्हे को देने के लिए लगभग 9.5 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी।

आरोप है कि शादी से पहले दूल्हे ने हुंडई ऑरा लेने से इनकार कर दिया और करीब 13 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी ब्रेजा कार की मांग करने लगा। दुल्हन के परिवार ने ऑरा की बुकिंग रद्द कर ब्रेजा का इंतजाम करने की कोशिश भी की, लेकिन कम समय में गाड़ी उपलब्ध नहीं हो सकी।

शादी के मंडप से वापस लौटी बारात

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 20 नवंबर को शादी समारोह के दौरान कार को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दूल्हा अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ शादी समारोह से वापस लौट गया। उस समय दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठी इंतजार कर रही थी।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले दूल्हे के लिए दो तोले सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले सोने की बालियां, फर्नीचर और अन्य सामान की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा दूल्हे के भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

दिल्ली पुलिस ने तत्काल किया सस्पेंड

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांस्टेबल कुलदीप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दहेज मांगने और शादी तोड़ने से संबंधित आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ निर्धारित नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कांस्टेबल ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी ओर, कांस्टेबल कुलदीप ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। मीडिया से बातचीत में उसने कहा कि उसने न तो ब्रेजा कार की मांग की और न ही दहेज में किसी तरह की गाड़ी मांगी। उसका दावा है कि उसके परिवार की ओर से कोई मांग नहीं की गई थी।

सोनीपत पुलिस भी कर रही मामले की जांच

दुल्हन के पिता ने सोनीपत के सेक्टर-27 थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने शादी समारोह, बैंक्वेट हॉल, खाने-पीने, फर्नीचर और अन्य तैयारियों पर हुए खर्च की भरपाई की मांग भी उठाई है। सोनीपत पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच की जा रही है।

दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ कानून होने के बावजूद इस तरह के मामले समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े करते हैं। खासकर जब आरोप किसी कानून के रक्षक पर ही लगें, तो निष्पक्ष जांच और जवाबदेही और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

राष्ट्रीय की और ख़बरें

सभी देखें