सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

प्रशासन की नाकामी से सोलन के नालों में अवैध डंपिंग, मिट्टी के भराव से बनी 100 मीटर लंबी झील

2 मिनट में पढ़ें

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार चेताने के बावजूद किसी भी अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अवैध डंपिंग करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर प्राकृतिक जलस्रोतों और नालों को मिट्टी से पाट रहे हैं।

प्रशासन की नाकामी से सोलन के नालों में अवैध डंपिंग, मिट्टी के भराव से बनी 100 मीटर लंबी झील

दो बच्चों की मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, नगर निगम को अवैध डंपिंग की भनक तक नहीं

सोलन। प्रशासन और नगर निगम की कथित लापरवाही के चलते सोलन में अवैध डंपिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सब्जी मंडी के साथ लगते क्षेत्र में ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर मिट्टी और मलबा प्राकृतिक नालों में फेंका जा रहा है। आलम यह है कि नाले में मिट्टी के भारी भराव के कारण पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित हो गया है और वहां 100 मीटर से भी लंबी झील बन गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी अवैध डंपिंग के कारण दो मासूम बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। गांव के बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल जाते हैं, ऐसे में एक बार फिर किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

हैरानी की बात यह है कि जब इस संबंध में नगर निगम से सवाल किया गया तो बताया गया कि मामला उनके संज्ञान में ही नहीं है। सवाल उठता है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर अवैध डंपिंग किसकी निगरानी में हो रही है? जब नालों में सैकड़ों टन मिट्टी पहुंच रही है तो संबंधित विभागों के अधिकारी कहां हैं?

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार चेताने के बावजूद किसी भी अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। अवैध डंपिंग करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर प्राकृतिक जलस्रोतों और नालों को मिट्टी से पाट रहे हैं।

क्या किसी और मासूम की मौत का इंतजार कर रहा प्रशासन?

सवाल यह भी है कि दो बच्चों की मौत के बाद आखिर प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए और कितने हादसों का इंतजार है? नगर निगम की अनभिज्ञता उसकी कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय लोगों ने उपायुक्त सोलन से तत्काल हस्तक्षेप करने, अवैध डंपिंग करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और नाले में जमा मलबे को हटाकर प्राकृतिक जल प्रवाह बहाल करने की मांग की है।

यदि समय रहते प्रशासन नहीं चेता तो यह कृत्रिम झील किसी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना के लिए जिम्मेदार कौन होगा, इसका जवाब प्रशासन और नगर निगम को देना होगा।

और ख़बरें