विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया


57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव - इफ्फी में लद्दाखी और कश्मीरी भाषा की चार फिल्मों के माध्यम से हिमालय क्षेत्र के परिदृश्य, परंपराओं और मानवीय कहानियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें दो फीचर फिल्म और दो नॉन-फीचर फिल्म शामिल हैं, जो आध्यात्मिकता, बचपन, परिवार, जीवन रक्षा और पारंपरिक शिल्पों के संरक्षण जैसे विषयों पर बल देती हैं। 11 मिनट की लद्दाखी लघु फिल्म 'बिकमिंग' इंडियन पैनोरमा नॉन-फीचर खंड की ओपनिंग फिल्म है।
पुरस्कार विजेता लीना यादव द्वारा लिखित और निर्देशित 'बिकमिंग' पुनर्जन्म, भाग्य और आध्यात्मिकता जैसे विषयों को दर्शाती है। लद्दाख में फिल्माई गई यह फिल्म युवा मां, रिंचेन और उसके बेटे अज्ञाल की कहानी है, जिसका बचपन से ही प्रकृति के साथ अनोखा जुड़ाव है।
लद्दाख की एक और चयनित फिल्म है 'बर्ड्स ऑन आइस'। 85 मिनट की इस फीचर फिल्म को साहिल शाह ने निर्देशित किया है। इस फिल्म को इंडियन पैनोरमा फीचर फिल्म्स खंड के लिए चुना गया है। इसे सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक की फिल्म श्रेणी में भी शामिल किया गया है। यह फिल्म युवती ताशी की कहानी है, जो अपने चरवाहे माता-पिता के लौटने का इंतजार करते हुए अपने दादा के साथ रहती है।
कश्मीर की चयनित फिल्मों में राजा शब्बीर मोहम्मद खान द्वारा निर्देशित 75 मिनट की फीचर फिल्म 'स्लेज' शामिल है। यह फिल्म इंडियन पैनोरमा खंड का हिस्सा है और सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक की फिल्म श्रेणी में भी शामिल है। गुलमर्ग के पास बर्फ से ढके एक गांव में फिल्माई गई यह फिल्म अली की कहानी है, जिसकी लकड़ी की स्लेज उसके परिवार की आय का एकमात्र स्रोत है।
कश्मीर की दूसरी चुनिंदा फिल्म, नक्श-ए-दौर, बाबा तसद्दुक हुसैन द्वारा निर्देशित और छायांकित 12 मिनट की वृत्तचित्र है। इंडियन पैनोरमा नॉन-फीचर फिल्म्स श्रेणी के लिए चयनित यह फिल्म पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित गुलाम नबी डार के जीवन और कार्य को दर्शाती है, जिन्होंने छह दशकों से अधिक समय से अखरोट की लकड़ी पर नक्काशी की पारंपरिक कश्मीरी कला का अभ्यास किया है।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







