दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, गाड़ियों का धुआं बना बड़ी वजह; AQI 400 के करीब


सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और भाईचारा बनाए रखने के साथ सुरक्षित त्योहार मनाने पर दिया जोर
नई दिल्ली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पूर्वी जिला पुलिस ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्वी जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (Addl. DCP-I) सुश्री सृष्टि पांडेय की अध्यक्षता में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमेटी के सदस्यों के साथ संवाद कर त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में सांप्रदायिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पुलिस और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान अमन कमेटी के सदस्यों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। इसमें निर्धारित तिथियों और समय-सीमा के अनुसार ही ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति संबंधी नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया।
अतिरिक्त डीसीपी ने सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इन दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक करें और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अमन कमेटी के सदस्यों से आपसी सहयोग, संवाद और भाईचारे का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पूर्वी जिला पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे मिल-जुलकर त्योहार मनाएं, अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
शांति, सद्भाव और सुरक्षित उत्सव—यही है हमारी सामूहिक जिम्मेदारी।
विषय
संपादक, आज की दिल्ली







