जामा मस्जिद थाने में चाकू लेकर घुसा आरोपी, 9 पुलिसकर्मियों पर किया हमला; एनकाउंटर में पैरों में लगीं 6 गोलियां


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रोहिणी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पिछले छह महीनों के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये कीमत की 11.50 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इस कार्रवाई में चार विदेशी नागरिकों समेत कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस संगठित ड्रग्स नेटवर्क के तार केवल दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं थे, बल्कि उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और मणिपुर सहित कई राज्यों तक फैले हुए थे। इस पूरे नेटवर्क में कच्चे माल की आपूर्ति, अवैध फैक्ट्रियों में हेरोइन तैयार करने और फिर अलग-अलग राज्यों में इसकी सप्लाई करने की व्यवस्था शामिल थी।
रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ की जांच में झारखंड के चतरा से अफीम का कच्चा माल जुटाकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हेरोइन तैयार किए जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद तैयार नशे को दिल्ली-NCR में सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। लखनऊ स्थित फैक्ट्री से 6.275 किलोग्राम हेरोइन के अलावा नशीला पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण भी बरामद किए गए।
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 8.128 किलोग्राम हेरोइन, 12.81 लाख रुपये नकद और चार वाहन जब्त किए। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की कीमत लगभग 60 करोड़ रुपये है।
जांच में यह भी सामने आया कि दूसरे राज्यों से कच्चा माल लाकर हेरोइन तैयार की जाती थी। इसके बाद छोटी-छोटी खेप में बाइक और स्कूटी के माध्यम से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में ड्रग पैडलरों तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस इस नेटवर्क की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
हेरोइन के अलावा पुलिस ने कोकीन तस्करी के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की। साउथ रोहिणी थाने में दर्ज एक मामले में सेनेगल के नागरिक सीन फाये को 17 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के आधार पर नाइजीरिया के ओकोली और युगांडा की नसीमा अमीना उर्फ नालुबेगा मरियम को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, मशीनें, पैकिंग का सामान, एक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल की निगरानी में जिला स्पेशल स्टाफ ने अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए इस संगठित नेटवर्क की कई कड़ियों का खुलासा किया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य सप्लायर और सहयोगी कौन हैं तथा इस अवैध कारोबार के पीछे वित्तीय लेनदेन का नेटवर्क कितना बड़ा है।
नशे के खिलाफ यह कार्रवाई राजधानी में सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। हालांकि, नशे के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।
विषय
संपादक, आज की दिल्ली







