दिवाली, भाई दूज और छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला: दिल्ली-NCR के 6 प्रमुख स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद


त्योहारी सीजन के मद्देनजर उत्तर रेलवे (Northern Railway) ने दिल्ली-एनसीआर के रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कड़ा कदम उठाया है। दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की भारी तादाद को देखते हुए 14 नवंबर तक छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
इस व्यवस्था के तहत अब केवल वैध और कन्फर्म रेल टिकट धारक यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति होगी। प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री मैन्युअल टिकट काउंटरों के साथ-साथ ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (ATVM) और मोबाइल टिकटिंग ऐप पर भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
इन 6 स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट:
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (दिल्ली जंक्शन)
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन
आनंद विहार टर्मिनल
आनंद विहार हॉल्ट
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को रहेगी छूट
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, मानवीय आधार पर कुछ श्रेणियों को राहत दी गई है। बुजुर्गों, महिलाओं, बीमार और दिव्यांग यात्रियों की सहायता के लिए उनके साथ आने वाले परिजनों या सहायकों को इस पाबंदी से छूट मिलेगी, ताकि जरूरतमंद यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने या उतरने में कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, यात्रियों के सुगम सफर के लिए रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं।
विषय
संपादक, आज की दिल्ली







