दिवाली-छठ पर रेलवे का बड़ा फैसला: दिल्ली-NCR के 6 प्रमुख स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर रोक


त्योहारी सीजन के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे (नॉर्दर्न रेलवे) ने एक अहम कदम उठाया है। दिवाली, भाई दूज और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब सिर्फ कन्फर्म या वैध यात्रा टिकट वाले यात्रियों को ही स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। यह पाबंदी टिकट काउंटरों के साथ-साथ ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों (ATVM) और मोबाइल टिकटिंग ऐप पर भी प्रभावी रहेगी।
बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को रहेगी विशेष छूट
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ-साथ मानवीय पहलू का भी ध्यान रखा गया है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों की सहायता के लिए उनके साथ आने वाले सहायकों/तीमारदारों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि इन यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, त्योहारी भीड़ को संभालने के लिए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी कर रहा है।
विषय
संपादक, आज की दिल्ली







