सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

पीएम मोदी आज फिक्की की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें
पीएम मोदी आज फिक्की की वार्षिक महासभा और वार्षिक सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (गुरुवार) सुबह करीब 11 बजे राजधानी के भारत मंडपम में भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की वार्षिक महासभा (AGM) और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रवक्ता ने कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर यह जानकारी साझा की।

‘भारत 2047’ की थीम पर जुटेंगे 2,500 से अधिक दिग्गज

इस वर्ष फिक्की का यह वार्षिक सम्मेलन ‘भारत 2047’ के विशेष विषय (थीम) पर आधारित है, जिसमें विकसित भारत के आर्थिक रोडमैप पर चर्चा होगी। सम्मेलन में भारतीय उद्योग जगत के शीर्ष प्रतिनिधियों, विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEOs), कई देशों के राजदूतों, राजनयिकों और प्रमुख नीति निर्माताओं सहित 2,500 से अधिक प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।

शताब्दी वर्ष की दहलीज पर फिक्की

फिक्की के लिए यह आयोजन बेहद खास है क्योंकि वर्ष 2026-27 इसका शताब्दी वर्ष है। यह संस्था आगामी 7 अप्रैल, 2027 को अपनी स्थापना के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे करने जा रही है। गौरतलब है कि साल 1927 में फिक्की की नींव ऐसे दौर में रखी गई थी, जब देश की आर्थिक नीतियों के निर्माण में भारतीय उद्यमों की भागीदारी बेहद सीमित थी। आजादी के बाद से ही फिक्की ने भारत के आर्थिक बदलाव और वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ देश के बढ़ते जुड़ाव में एक अहम भूमिका निभाई है।

ढाई लाख से अधिक कंपनियों का करता है प्रतिनिधित्व

आंकड़ों के लिहाज से देखें तो वर्तमान में फिक्की देश के सार्वजनिक (पब्लिक), निजी (प्राइवेट) और बहुराष्ट्रीय (MNC) क्षेत्रों की 2.5 लाख से अधिक कंपनियों की आवाज बुलंद करता है। यह विशाल नेटवर्क प्रत्यक्ष सदस्यता के साथ-साथ 300 से अधिक संबद्ध क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय उद्योग संघों के जरिए जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए फिक्की के 100 से अधिक देशों के 250 राष्ट्रीय व्यावसायिक संगठनों के साथ साझेदारी समझौते भी हैं।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

और ख़बरें