सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर ₹2.75 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी उत्तराखंड के चमोली से गिरफ्तार

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

स्पेशल स्टाफ मेट्रो और थाना कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस की संयुक्त टीम ने रात भर चले कठिन ऑपरेशन के बाद बद्रीनाथ जा रहे आरोपियों को दबोचा; नई बाइक और ₹20,500 नकद बरामद

नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की मेट्रो यूनिट ने तकनीकी जांच और रात भर चले एक चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद ₹2.75 लाख की ठगी के मामले में शामिल दो आरोपियों को उत्तराखंड के चमोली जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नई खरीदी गई मोटरसाइकिल से बद्रीनाथ मंदिर की ओर जा रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास एक्स-रे मशीन के नजदीक ₹2,75,000 की ठगी की वारदात हुई थी। इस संबंध में 11 नवंबर 2026 को थाना कश्मीरी गेट मेट्रो में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

रात भर पहाड़ों में चली पुलिस की घेराबंदी

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (मेट्रो) के दिशानिर्देश और इंस्पेक्टर (स्पेशल स्टाफ मेट्रो) की निगरानी में स्पेशल स्टाफ मेट्रो और थाना कश्मीरी गेट मेट्रो की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल डेटा का तकनीकी विश्लेषण किया।

जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों आरोपी एक नई मोटरसाइकिल से उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर की तरफ निकले हैं। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उनके रूट को ट्रैक किया और पूरी रात पीछा करते हुए चमोली जिले के विभिन्न होटलों व ठहरने के स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। आखिरकार पुलिस ने दोनों आरोपियों को चमोली से दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

* मोहित मिश्रा (24 वर्ष): मूल रूप से ग्राम सकईपुरवा, थाना परसपुर, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के सोनिया विहार (पहला पुश्ता) में रह रहा था। वह आठवीं पास है और शकरपुर में निजी कार चालक के रूप में काम करता है।

* सत्यम सिंह (25 वर्ष): मूल रूप से ग्राम बनवा, थाना उमरीगंज, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और स्नातक (B.A.) पास है। वह 2021 से 2023 तक सदर बाजार में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर चुका है और वारदात से करीब 10 दिन पहले ही दिल्ली आकर मोहित के साथ सोनिया विहार में रह रहा था।

आपराधिक इतिहास और बरामदगी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सत्यम सिंह के खिलाफ पहले भी वर्ष 2022 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना शास्त्री पार्क में लूट व चोरी का माल रखने (धारा 392/411/34 IPC) का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और ₹20,500 नकद बरामद किए हैं। शेष ठगी गई रकम की बरामदगी और अन्य पहलुओं की

जांच जारी है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें