सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

कैंसर के खिलाफ जंग में अब एआई का साथ

योगराज शर्मा3 मिनट में पढ़ें
कैंसर के खिलाफ जंग में अब एआई का साथ

कैंसर आज दुनिया की सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इस बीमारी से लड़ाई में अहम बात यह है कि समय रहते इसकी पहचान। यदि कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता चल जाए तो इलाज की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं।

Date- 25 November 2026

कैंसर आज दुनिया की सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है। इस बीमारी से लड़ाई में अहम बात यह है कि समय रहते इसकी पहचान। यदि कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता चल जाए तो इलाज की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। लेकिन भारत जैसे विशाल आबादी वाले देश में कैंसर की समय पर जांच आज भी बड़ी चुनौती है। जांच का खर्च, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की सीमित उपलब्धता और बीमारी के प्रति जागरूकता का अभाव इसके प्रमुख कारण हैं।

ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से विकसित की जा रही एक नई ब्लड टेस्ट तकनीक उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।

हैदराबाद स्थित केयरओन्को बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड को कैंसर की पहचान के लिए एआई आधारित मेडिकल किट बनाने का एमडी-13 लाइसेंस केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से मिलना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी इस तकनीक के माध्यम से ऐसी जांच सुविधा विकसित करने की तैयारी में है, जिससे शरीर में कैंसर से जुड़े शुरुआती जैविक संकेतों का पता लगाने में मदद मिल सके। कंपनी हैदराबाद में अपनी पहली प्रयोगशाला स्थापित कर रही है।

भारत में कैंसर के खिलाफ लड़ाई में यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि देश की बड़ी आबादी को समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है। अक्सर लोग बीमारी के लक्षण गंभीर होने के बाद ही अस्पताल पहुंचते हैं। यदि कम खर्च में स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होती है तो अधिक लोग समय रहते जांच कराने के लिए प्रेरित हो सकते हैं। इससे बीमारी की आशंका वाले लोगों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए भेजना आसान हो सकता है।

इस परियोजना की खासियत यह है कि इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ जीनोमिक्स, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी और सिंगल-सेल एनालिसिस जैसी आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. देबार्का सेनगुप्ता, जो आईआईआईटीडी-दिल्ली में इनोवेशन, रिसर्च एवं डेवलपमेंट के एसोसिएट डीन भी हैं, के अनुसार इस किट से होने वाली जांच कैंसर की पहचान और उसके इलाज की योजना तैयार करने में मददगार हो सकती है। इसका उद्देश्य केवल बीमारी का पता लगाना नहीं, बल्कि मरीज के लिए आगे की जांच और उपचार की दिशा तय करने में भी चिकित्सकों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है।

दरअसल शोधकर्ताओं ने एआई आधारित ऐसा ब्लड टेस्ट विकसित किया है, जो कई प्रकार के कैंसर की अपेक्षाकृत किफायती स्क्रीनिंग में मदद कर सकता है। इस तकनीक का महत्वपूर्ण पहलू इसका 11-जीन वाला ब्लड टेस्ट है, जो प्लेटलेट आरएनए पर आधारित है। इसमें रियल टाइम पीसीआर (आरटी-पीसीआर) तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके जरिए रक्त में मौजूद विशेष जैविक संकेतों और जीन से संबंधित बदलावों का विश्लेषण कर कैंसर की आशंका को पहचानने में मदद मिल सकती है।

कैंसर की पहचान के लिए शरीर में होने वाले सूक्ष्म जैविक बदलावों को समझना बेहद जरूरी है। कई बार बीमारी के शुरुआती चरण में स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। मरीज को तब तक अपनी परेशानी का अंदाजा नहीं होता, जब तक बीमारी काफी आगे न बढ़ जाए। ऐसे में रक्त के नमूने के माध्यम से कैंसर से जुड़े संकेतों की पहचान करने वाली तकनीक चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। हालांकि, स्क्रीनिंग में किसी संभावित संकेत का मिलना अंतिम निदान नहीं माना जाएगा। इसकी पुष्टि के लिए चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक अतिरिक्त जांच जरूरी होगी।

अब यदि इसी व्यवस्था का इस्तेमाल कैंसर की स्क्रीनिंग के लिए किया जा सके तो इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं। हर जगह नई और महंगी मशीनें लगाने की आवश्यकता कम होगी। मौजूदा प्रयोगशालाओं को आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करके जांच का दायरा बढ़ाया जा सकेगा। इससे छोटे शहरों और कस्बों तक कैंसर की जांच सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

एआई की भूमिका भी इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण है। बड़ी मात्रा में प्राप्त जैविक और जीन संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण करके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऐसे पैटर्न पहचानने में मदद कर सकता है, जिन्हें सामान्य तरीके से समझना कठिन हो सकता है। इससे जांच के परिणामों का आकलन करने और चिकित्सकों को निर्णय लेने में सहायता मिल सकती है। हालांकि, तकनीक की वास्तविक उपयोगिता उसकी वैज्ञानिक पुष्टि, सटीकता, संवेदनशीलता और विभिन्न आबादी पर किए गए परीक्षणों के परिणामों से ही तय होगी।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

और ख़बरें