कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर ₹2.75 लाख की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी उत्तराखंड के चमोली से गिरफ्तार


छठ के तीसरे दिन व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत के बीच अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
नवंबर 15, नई दिल्ली: छठ महापर्व का आज तीसरा दिन है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में आज का दिन बेहद खास माना जाता है। आज व्रती लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत के दौरान अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके लिए घरों से लेकर छठ घाटों तक विशेष तैयारियां की गई हैं। ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद से सजे सूप, लोकगीत और आस्था का अनूठा संगम इस पर्व को खास बनाता है। आइए जानते हैं संध्या अर्घ्य की परंपरा और इसका महत्व। छठ महापर्व का तीसरा दिन संध्या अर्घ्य के नाम होता है। सुबह से ही व्रती और उनके परिवार के सदस्य शाम की पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं। घरों में साफ-सफाई के साथ पूजा स्थल को तैयार किया जाता है। हर छोटी-बड़ी चीज का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि सूर्यास्त के समय होने वाली पूजा पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ संपन्न हो सके। आज घरों में छठ पूजा के पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जा रहे हैं। इनमें ठेकुआ और कसार के लड्डू का विशेष महत्व है। गेहूं के आटे में गुड़ और घी मिलाकर ठेकुआ बनाया जाता है, जबकि चावल के आटे से कसार के लड्डू तैयार किए जाते हैं। इसके साथ ही बांस के सूप में मौसमी फल सजाए जा रहे हैं। इनमें गन्ना, नारियल, केला और डाभ नींबू जैसे पारंपरिक फल शामिल हैं।
छठ की तैयारियों में बांस से बने सूप और दउरा की भी खास भूमिका होती है। इनमें ठेकुआ, फल, गन्ना और पूजा की दूसरी सामग्री सजाई जाती है। परिवार के पुरुष सदस्य प्रसाद से भरे दउरा को सिर पर रखकर घाट तक ले जाते हैं। वहीं महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाते हुए पूजा की तैयारियों में शामिल होती हैं। इन गीतों में छठी मईया के प्रति श्रद्धा के साथ परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी जुड़ी होती है। शाम होते ही व्रती और परिवार के दूसरे सदस्य नदी, तालाबों और दूसरे जलाशयों के किनारे बने घाटों पर पहुंचते हैं। व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य की उपासना करते हैं। इसके बाद सूप में रखे प्रसाद के साथ सूर्यदेव को जल और दूध से अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान छठी मईया की भी विशेष पूजा की जाती है।
छठ पर्व की खास बात यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। संध्या अर्घ्य के समय अस्त होते सूर्य को नमन किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पूजा से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है। संध्या अर्घ्य के बाद भी छठ की परंपराएं जारी रहती हैं। कई परिवारों में रात के समय कोसी भरने का अनुष्ठान किया जाता है। इसे मन्नत पूरी होने पर विशेष रूप से किया जाता है। इस अनुष्ठान में गन्ने से मंडप बनाया जाता है। उसके नीचे मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं और छठी मईया को प्रसाद अर्पित किया जाता है। छठ का तीसरा दिन उपवास, पूजा, लोकगीत और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा होता है। संध्या अर्घ्य के बाद व्रती रातभर आराधना करते हैं और अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का समापन करते हैं।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







