सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

मधुमेह से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव और मोटापे पर नियंत्रण जरूरी : प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

योगराज शर्मा1 मिनट में पढ़ें
मधुमेह से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव और मोटापे पर नियंत्रण जरूरी : प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि मधुमेह की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए जीवनशैली में बदलाव, खान-पान की अच्छी आदतें, शारीरिक गतिविधियां और मोटापे पर नियंत्रण बेहद जरूरी हैं।

वे विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर रोम स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष की थीम ‘मधुमेह पर समय रहते कार्रवाई’ पर डॉ. सिंह ने कहा कि यह समाज में मधुमेह के तेजी से बढ़ते प्रसार को रोकने के लिए जरूरी प्रबंधन उपायों की भावना को दर्शाती है।

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2014 से ही शरीर की मेटाबॉलिक संबंधी समस्याओं और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाया है। उन्होंने आयुष मंत्रालय की स्थापना, वेलनेस केंद्रों की शुरुआत और हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने का जिक्र किया।

डॉ. सिंह ने मधुमेह की समय पर पहचान और उपचार की सुविधा बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों की भी जानकारी दी। इनमें बड़े स्तर पर मधुमेह की जांच और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ तथा किफायती बनाने के लिए आयुष्मान भारत के अंतर्गत की गई पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विश्व मधुमेह दिवस का संदेश केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रोकथाम, समय पर जांच और लगातार देखभाल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। विशेष रूप से युवाओं में इस दिशा में जागरूकता बढ़ाना महत्वपूर्ण है।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

और ख़बरें