केंद्र सरकार जल्द शुरू करेगी कोयला और खनिज एक्सचेंज: केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी


विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक-चोगम से इतर एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन से भेंट की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। डॉ. जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं और चोगम-2026 की सफल मेजबानी के लिए बधाई दी। इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री चेत ग्रीन के साथ भी बैठक की। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, लघु और मध्यम उद्यमों तथा प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई।
डॉ. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों और कारोबारी नेताओं के साथ आयोजित बैठक में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रमंडल देशों को अपने आर्थिक जोखिम कम करने और व्यापार के नए विकल्प तलाशने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में फैला भारतीय कारोबारी समुदाय राष्ट्रमंडल देशों के लिए एक महत्वपूर्ण संपत्ति है, जो देशों को जोड़ने और नई साझेदारियां बनाने में मदद कर सकता है।
डॉ. जयशंकर ने भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं, बेहतर संपर्क मार्गों और मजबूत स्थानीय वितरण नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे व्यापार और कारोबार के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और कुशल कामगारों की आवाजाही को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी बताई। उनके अनुसार, डिजिटल तकनीक बेहतर प्रशासन, कार्यक्षमता और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और आपदा रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन जैसी पहलों को जलवायु परिवर्तन से निपटने में महत्वपूर्ण बताया।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने चोगम से इतर गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के साथ बातचीत के बाद सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए गुयाना को 50 करोड़ अमरीकी डॉलर की ऋण सुविधा देने की घोषणा की। दोनों देशों ने डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और यूपीआई जैसी भुगतान प्रणाली, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं तथा सूक्ष्म और लघु उद्यमों के विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग से जुड़े तीन समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







