दिसंबर 2028 तक गुजरात को नशा-मुक्त बनाना है: अमित शाह


राजनीतिक ब्यूरो | नई दिल्ली चुनाव आयोग (ECI) को सौंपी गई राजनीतिक दलों की ताजा चंदा रिपोर्ट में आम आदमी पार्टी (AAP) के फंड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान आम आदमी पार्टी को मिलने वाले चंदे में 68 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई है। पार्टी को इस दौरान कुल ₹12.10 करोड़ का चंदा मिला, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष (2024-25) में यह आंकड़ा ₹38.10 करोड़ था। चंदा देने वाले 1,202 दानदाताओं की सूची में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका सहित खुद पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी का नाम भी शामिल है।
रिपोर्ट के अनुसार, आम आदमी पार्टी को मिले कुल चंदे का लगभग 83 प्रतिशत हिस्सा केवल दो प्रमुख दानदाताओं से आया:
प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट: ट्रस्ट ने पार्टी को ₹5 करोड़ का योगदान दिया। (उल्लेखनीय है कि 2024-25 में प्रूडेंट ने पार्टी को ₹16.40 करोड़ का चंदा दिया था)।
ट्राइडेंट लिमिटेड: कंपनी ने भी AAP को ₹5 करोड़ का चंदा दिया। इस चेक पर 9 जनवरी 2026 की तारीख थी, जब कंपनी के संस्थापक व पूर्व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता AAP से जुड़े हुए थे। (गुप्ता अप्रैल में भाजपा में शामिल हो चुके हैं)।
पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी अपनी ओर से वित्तीय वर्ष में नियमित योगदान दिया:
अरविंद केजरीवाल: पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने ₹10,000 की तीन किश्तों में कुल ₹30,000 का चंदा दिया।
आतिशी: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने ₹3,500 के 12 भुगतानों के जरिए कुल ₹42,000 का योगदान किया।
अमन अरोड़ा: पंजाब आप के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने ₹10,000 की 12 किश्तों के माध्यम से कुल ₹1.20 लाख का सहयोग दिया।
आशुतोष रांका (CJP): कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक व राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी दानदाताओं की सूची में शामिल होकर आम आदमी पार्टी को ₹21,100 का चंदा दिया।
फरवरी 2025 में दिल्ली की सत्ता से बाहर होने के बाद यह पहला पूरा वित्तीय वर्ष रहा है, जिसका सीधा असर पार्टी के फंड पर दिखाई दे रहा है। हालांकि, पंजाब में पार्टी की सरकार अब भी बरकरार है। अन्य क्षेत्रीय दलों की बात करें तो टीडीपी (TDP) को ₹58.25 करोड़ और वाईएसआर कांग्रेस (YSRCP) को ₹24.31 करोड़ का चंदा मिला, जबकि बीजू जनता दल (BJD) ने ₹20,000 से अधिक का कोई चंदा रिपोर्ट नहीं किया।
विषय
संपादक, आज की दिल्ली







