सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

दिल्ली में ट्रांसजेंडर समुदाय को बड़ी सौगात, सालाना 10 लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज को मिली कैबिनेट की मंजूरी

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

राजधानी दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय (Transgender Community) को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के दायरे में लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के बाद अब दिल्ली के पात्र ट्रांसजेंडर लाभार्थियों और उनके परिवारों को सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त और कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवर मिल सकेगा। कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत कुल 10 लाख रुपये का वार्षिक सुरक्षा कवच मिलेगा। इसमें केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले 5 लाख रुपये के कवर के साथ-साथ दिल्ली सरकार की ओर से अतिरिक्त 5 लाख रुपये का टॉप-अप कवर शामिल होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को गंभीर बीमारियों के इलाज में होने वाले भारी-भरकम खर्च से राहत दिलाना है। इस योजना के लागू होने से लाभार्थी देशभर के आयुष्मान भारत सूचीबद्ध (Empanelled) सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करवा सकेंगे। इसके तहत 27 मेडिकल स्पेशियलिटी (चिकित्सा विशेषज्ञताओं) से जुड़े 1,961 ट्रीटमेंट पैकेज और सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें अस्पताल में भर्ती होने से लेकर गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ इलाज तक की सुविधाएं शामिल हैं। सरकार के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में रहने वाले करीब 5,656 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और उनके परिवारों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। लाभार्थियों की पहचान दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग (Revenue Department) द्वारा तैयार सत्यापित सूची के आधार पर की जाएगी। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक के पास संबंधित जिला मजिस्ट्रेट (DM) द्वारा जारी वैध ट्रांसजेंडर पहचान प्रमाण पत्र (Transgender Identity Certificate) होना अनिवार्य होगा। सरकार पर इस योजना के संचालन के लिए सालाना लगभग 1.19 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें