सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi
दिल्ली

पहाड़गंज के बार में ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाला बदमाश 'कांटा' मुठभेड़ में घायल, सोनिया विहार से गिरफ्तार

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें

राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। पहाड़गंज इलाके के पंचकुइयां रोड स्थित एक बार में सोमवार रात अंधाधुंध फायरिंग कर सनसनी फैलाने वाले वांछित बदमाश सतिंदर उर्फ कांटा (30) को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। यह मुठभेड़ उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में हुई, जहां पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात पंचकुइयां रोड स्थित बार में हुई गोलीबारी की घटना के बाद से ही पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं। इसी बीच पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि वांछित आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सोनिया विहार इलाके में घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली सतिंदर उर्फ कांटा के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक देसी पिस्तौल और पांच खाली कारतूस (खोखे) बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहाड़गंज के बार में ताबड़तोड़ गोलीबारी किस रंजिश या उद्देश्य से की थी और इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

दिल्ली की और ख़बरें

सभी देखें