दिल्ली पुलिस ने अंतर-राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया


शंघाई सहयोग संगठन- SCO का पहला सभ्यतागत संवाद मंच नई दिल्ली के पुराना किला में संपन्न हो गया है। इस मंच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किया था। संवाद के समापन पर इंद्रप्रस्थ सहमति-पत्र जारी किया गया।
सहमति-पत्र में, प्रत्येक सभ्यता को समान महत्व देते हुए उसके प्रति सम्मान की भावना और मानवता के प्रति उसके योगदान को स्वीकार किया गया है। इसमें यह माना गया है कि सांस्कृतिक विरासत में स्मारक, पांडुलिपियां, साहित्य, कलाकृतियां, जीवंत परंपराएं, व्यंजन, प्रदर्शन कलाएं, रचनात्मक कार्य और पीढ़ियों से चली आ रही ज्ञान प्रणालियां शामिल हैं। सहमति-पत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित तकनीक की भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है क्योंकि इनसे सांस्कृतिक विरासत को समझना, उस तक पहुंच बनाना और उसकी सराहना करना सरल हो जाता है। इसमें कहा गया है कि इन तकनीकों का उपयोग जिम्मेदारी से किया जाना चाहिए, विरासत के सांस्कृतिक महत्व का सम्मान भी होना चाहिए और इसे संरक्षित करने वालों के हितों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
सहमति-पत्र में तस्करी, पर्यावरणीय क्षति और प्राकृतिक आपदाओं के खतरों से सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए अधिक प्रयास करने की अपील की गई है।
संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि इंद्रप्रस्थ सहमति-पत्र एससीओ देशों के बीच सभ्यतागत संवाद को जारी रखने के लिए भविष्य का प्रारूप तैयार करेगा।
तीन दिन के इस कार्यक्रम में उच्चस्तरीय विचार-विमर्श, विषयगत आदान-प्रदान, विरासत संबंधी गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल थीं। इसमें 22 देशों के 116 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
स्रोत: प्रसार भारती (पीबी-शब्द)
संपादक, आज की दिल्ली







