सामग्री पर जाएँ
Aaj Ki Delhi

57वां इफ्फी: भारत ने व्यापक रचनात्मक अर्थव्यवस्था में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया

योगराज शर्मा2 मिनट में पढ़ें
57वां इफ्फी: भारत ने व्यापक रचनात्मक अर्थव्यवस्था में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया

भारत ने सिनेमा, फिल्म सह-निर्माण, सामग्री वितरण और व्यापक रचनात्मक अर्थव्यवस्था में ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया है। इसमें फिल्म उद्योग में स्थायी साझेदारी बनाने पर विशेष बल दिया गया है। गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के अंतर्गत ब्रिक्स गोलमेज सम्मेलन में सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव ए. एस. प्रभात ने कहा कि सिनेमा में साझा मानवीय अनुभवों के माध्यम से सांस्कृतिक समझ, सहानुभूति और संवाद को बढ़ावा देकर लोगों को एकजुट करने की अनूठी क्षमता है। उन्होंने बताया कि फिल्‍मोत्‍सव के ब्रिक्स खंड में सदस्य और भागीदार देशों की 21 फिल्में प्रदर्शित की गई हैं।

इनमें लोकतंत्र, स्वदेशी पहचान, महिला अधिकार, प्रवासन, जलवायु परिवर्तन और सामाजिक परिवर्तन जैसे विषय शामिल हैं। श्री प्रभात ने एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, उभरती प्रौद्योगिकियों और क्षमता निर्माण में अधिक सहयोग का आह्वान किया। विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव शंभू एल. हक्की ने कहा कि सिनेमा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सदस्य और भागीदार देशों की 20 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन सांस्कृतिक आदान-प्रदान, मित्रता और आपसी समझ को बढ़ावा देगा।

राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार ने कहा कि सिनेमा कला के एक रूप से कहीं अधिक है और सांस्कृतिक समझ का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रचनात्मकता का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में काम कर रहा है। मुंबई में रूसी संघ के उप महावाणिज्यदूत, अलेक्जेंडर फुर्सोव ने सिनेमा के क्षेत्र में ब्रिक्स देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर प्रकाश डाला, जिसमें छात्र और संकाय आदान-प्रदान तथा सहयोगी फिल्म परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए ब्रिक्स फिल्म स्कूल संघ की स्थापना भी शामिल है।

भारत में नाइजीरिया के उच्चायुक्त, मुहम्मद सैदु दाहिरू ने सिनेमा को सांस्कृतिक कूटनीति का एक शक्तिशाली साधन बताया जो सांस्कृतिक पहचान, साझा मूल्यों और लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देता है। उन्होंने फिल्‍म महोत्‍सव में नाइजीरियाई फिल्म 'लेडी' के प्रदर्शन का स्वागत करते हुए कहा कि इससे नाइजीरियाई सिनेमा और उसकी रचनात्मक प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। गोवा मनोरंजन समिति के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी दीपक बांडेकर, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और ब्रिक्स सदस्य तथा सहयोगी देशों के प्रतिनिधियों के साथ गोलमेज सम्मेलन में उपस्थित थे।

योगराज शर्मा

संपादक, आज की दिल्ली

और ख़बरें